केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने झारखंड सरकार से रांची में नियो मेट्रो चलाने के लिए प्रपोजल तैयार करके मांगा है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने फरवरी में ही झारखंड में चल रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए राज्य के अधिकारियों को छह माह के अंदर नियो मेट्रो को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का बेहतरीन विकल्प बताते हुए योजना बनाने का निर्देश दिया था।
लेकिन, राज्य सरकार नियो मेट्रो से पहले सिटी बस चलाने की तैयारी कर रही है। रांची में पहले फेज में 200 सिटी बसें चलाने के लिए रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसका डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट अगले माह तक फाइनल होगा। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माेड पर सिटी बसें चलाने के लिए टेंडर निकाला जाएगा। सिटी बस का सफलतापूर्वक संचालन हाेने के बाद ही नियाे मेट्राे जैसी बड़ी परियोजना पर सरकार काम करेगी।
इन 5 रूटाें पर चलेंगी बसें, क्योंकि इन्हीं पर सबसे अधिक निजी वाहनों का मूवमेंट
- रूट 1– रातू और नगड़ी से रातू रोड चौक। क्योंकि, इस रूट पर प्रति घंटा 4,300 वाहनों का मूवमेंट है।
- रूट 2– रिनपास, कांके रोड से रातू रोड चौक। इस रूट पर प्रति घंटा 2200 वाहनों का मूवमेंट है।
- रूट 3– रातू रोड से बरियातू रोड होते हुए बूटी मोड़। इस रूट पर प्रति घंटा 1900 वाहनों का मूवमेंट है।
- रूट 4– रातू रोड से हरमू बायपास होते हुए बिरसा चौक। इस रूट पर प्रति घंटा 3400 वाहनों का मूवमेंट है।
- रूट 5– धुर्वा से कांटाटोली, एमजी रोड होते हुए रातू रोड। इस रूट पर प्रति घंटा 3700 वाहनों का मूवमेंट।
रूट और टाइमिंग तय… किसी भी स्टॉपेज पर यात्रियों को 10 मिनट नहीं रुकना पड़ेगा
स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन के सीईओ के निर्देश पर भारत सरकार की सहयोगी संस्था आईटीडीपी ने सिटी बस चलाने की रूपरेखा तय की है। संस्था पहले फेज में पांच रूट पर 180 किमी रेडियस में सिटी बस चलाने की योजना बनाई है। बसाें के रूट अाैर टाइमिंग भी तय किए गए हैं, ताकि हरेक छह से सात मिनट के अंतराल पर प्रत्येक रूट में यात्रियों को बस मिले। किसी भी स्टाॅपेट पर यात्रियों को 10 मिनट न रुकना पड़े। पहले फेज में एसी और नॉन एसी दोनों तरह की बसें चलाने का विकल्प रखा गया है, जो ऑपरेटर के आधार पर तय होगा।
फिलहाल 200 सिटी बसें चलाने पर जोर दिया गया है
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सशक्त माध्यम सिटी बस है। इसलिए, फिलहाल रांची में 200 सिटी बस चलाने की तैयारी हो रही है। अगले माह डीपीआर फाइनल होने के बाद ऑपरेटर चयन किया जाएगा। नासिक में नियो मेट्रो एडवांस स्टेज में है। इसलिए, एक टीम वहां स्टडी करने जाएगी।
– अमित कुमार, सीईओ, स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन