रांची रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज का एक्सटेंशन किया जा रहा है। इसका कार्य लगभग पूरा होने को है। सितंबर माह में इसका उद्घाटन किया जाएगा। फुटओवर ब्रिज का विस्तार रांची स्टेशन के पार्किग स्थल तक किया गया है, ताकि स्टेशन के मुख्य द्वार पर जाए बिना यात्री नई पार्किंग के पास निकल सकें। वहीं यह फुट ओवर ब्रिज प्लेटफार्म नंबर पांच तक जुड़ा होगा। इतना ही नहीं, आने वाले समय में इसे एक और दो नंबर प्लेटफार्म से भी जोड़ने की योजना है।
रांची रेलवे स्टेशन की सूरत बदल रही है। यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। रांची रेलवे स्टेशन के इस फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 450 टन क्रेन की मदद से 12-12 टन के दो गार्डर लगाए गए हैं। रांची रेल मंडल के इंजीनियरिंग, विद्युत, वाणिज्य एवं इंजीनियरिंग (पुल) विभाग के सहयोग से यह कार्य किया गया है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने में दिक्कत होती थी।
वहीं पार्किंग तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। अब नया फुटओवर ब्रिज चालू हो जाने से यात्री स्टेशन से सीधे पार्किंग में पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें यहां-वहां चक्कर लगाने की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। करीब 49 ट्रेनों से रोजाना 25 हजार यात्रियों का आवागमन हो रहा है। वर्तमान में कोरोना के कारण स्टेशन के मुख्य द्वार से यात्रियों का एक ही गेट से एंट्री और एग्जिट हो रहा है। वहीं सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं।