एक शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी को भीड़ ने निर्वस्त्र कर करीब एक किमी तक नंगा घुमाया। लोगों ने इस प्रेमी युगल को नग्न घुमाने का विडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह शर्मनाक घटना सोमवार की शाम दुमका जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांदो इलाके के मयूरनाचा गांव में हुई। मयूरनाचा गांव में उस महिला की ससुराल है। महिला का पति किसी मामले में करीब एक साल से दुमका जेल में है। वह दुमका में मजदूरी कर अपना और अपने तीन बच्चों का परवरिश करती है।
दुमका में मजदूरी करने के दौरान ही उसकी मित्रता कोल्हड़िया गांव के एक युवक से हो गई। वह युवक भी शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। सोमवार की शाम को वह युवक महिला से मिलने के लिए उसके घर आया था। गांव के चार-पांच युवकों ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं। गांव के करीब 50-60 लोग जमा हो गए। लोगों ने महिला और उस युवक के कपड़े उतरवाए। दोनों को नंगा कर गांव में घुमाते हुए गांव से बाहर ले गए।
हालांकि, मयूरनाचा गांव से सटे सकरभंगा गांव के कुछ लोगों ने जब इस शर्मनाक कृत्य को देखा तो विरोध किया, इस बीच दुमका मुफस्सिल थाना की पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो वह तुरंत हरकत में आई. मौके पर पहुंच कर महिला और उक्त युवक को ग्रामीणों की चंगुल से छुड़ा कर दुमका मुफस्सिल थाना ले आई. दुमका मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश राम के अनुसार इस मामले में 4 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना में केस दर्ज किया गया है जिनमें से चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.