इस वर्ष बिहार में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। गर्मी के कई रिकॉर्ड टूटेंगे। अगले महीने के पहले हफ्ते में ही 40 डिग्री से ज्यादा तापमान रहने की आशंका है। सूबे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस की ओर तेजी से बढ़ चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में अधिकतम तापमान 35 पार पहुंचने का पूर्वानुमान है। बता दें पुरवैया जोर पकड़ रही है। वातावरण में नमी की मात्रा कम हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार सूबे में सोमवार को सबसे अधिक तापमान भागलपुर और अक्सर का रहा। इन दोनों शहरों का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक है। बांका में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री, पटना में 32.4, पूर्णिया में 32.9, वाल्मीकि नगर और शेखपुरा में 33.5 डिग्री, फारबिसगंज में 33.6, माधोपुर में 33.2, मोतिहारी में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। सूबे का औसत उच्चतम तापमान सामान्य से अधिक है। औसत उच्चतम तापमान 32 से 33 डिग्री पहुंच चुका है। सूबे का न्यूनतम तापमान भी सामान्य तौर पर अधिक है। न्यूनतम तापमान 16 से 19 के बीच है।
पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज हुआ है। सबसे कम तापमान सीतामढ़ी का रहा। यहां अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले 24 घंटे में सूबे में मौसम में कोई बदलाव नहीं आया है। मौसम शुष्क बना हुआ है। हवा की वजह से आसमान भी पूरी तरह से साफ है। 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इसके अलावा सतह से सतह 1.5 किलोमीटर पर अभी भी पछुआ और उत्तर पछुआ हवा बह रही है। लिहाजा आने वाले चार से पांच दिनों तक मौसम साफ रहेगा। उसके बाद तापमान में वृद्धि होगी।