झारखंड में मार्च में ही भीषण गर्मी पड़ने लगी है। सुर्य की तपीस से जीना मुहाल हो गया है। अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों के लिए अगले दो दिनों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान गोड्डा जिला में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई। यहां सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस तक रहा। गोड्डा के बाद पलामू में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड की राजधानी रांची का तापमान पिछले 24 घंटे में 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर में 38.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार झारखंड में अगले दो दिनों तक पारा चढ़ने से कोई राहत नजर नहीं आ रही है। अगले कुछ दिनों तक झारखंड के चार उत्तर पश्चिमी जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है।
जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और तटीय इलाको में 37 तक पहुंच जाता है, तो उस इलाके को हीटवेव घोषित कर दिया जाता है। इसके अलावे कुछ और अन्य मानदंड भी हैं।
हीटवेव के प्रभाव को लेकर मौसम विभाग ने कहा कि हीटवेव छोटे बच्चे, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है। इससे बचने के लिए पर्याप्त पानी पिए। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें। इसके अलावे जब भी घर से बाहर निकले तो सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढ़के रहें।