सुबह से धूप छांव रहने के बाद अब एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान को बादलों ने घेर लिया है और मेघ गरजने लगे हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ देर में धनबाद, बोकारो, गिरिडीह , जामताड़ा, देवघर, रामगढ़ और रांची में जोरदार गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान वज्रपात से सावधान रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे बिहार में साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है जो पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से तक फैला है। बिहार से बंगाल तक हो रही बादलों की आवाजाही की वजह से झारखंड के कई हिस्से में मौसम बदल गया है। मंगलवार को मौसम में बदलाव को लेकर पहले ही सूचना जारी की गई थी। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की मानें तो पूरे हफ्ते मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। धूप छांव के बीच फुहारें बरसती रहेंगी। दूसरी ओर, मॉनसून अध्ययनकर्ता डॉ. एसपी यादव ने बताया कि एक-दो दिनों में मानसून केरल पहुंच जाएगा और उसी वजह से प्री मानसून की बारिश हो रही है। प्री मानसून की बारिश के बादल छोटे-छोटे टुकड़ों में आते हैं। इस वजह से उनके टकराने से गरजने की आवाज ज्यादा होती है और आसमानी बिजली गिरने का खतरा भी अधिक होता है। बताया कि तालाब के पास जाने, पेड़ के नीचे खड़े होने या खेत खलिहान में काम करने वाले किसानों को अब सुरक्षित स्थान ले लेना चाहिए।