बाबा नगरी देवघर और झारखंड की उपराजधानी दुमका जाने वाले यात्रियों से जुड़ी अच्छी खबर। रेलवे ने रांची से देवघर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को 3 मार्च से दुमका से चलाने की घोषणा कर दी है। 3 मार्च को शाम 4:00 बजे दुमका सांसद सुनील सोरेन इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पूर्व रेलवे ने उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली है। उद्घाटन समारोह दुमका रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व रेलवे के अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
धनबाद ने रैक तैयार कर भेजा
रांची दुमका इंटरसिटी पूर्व रेलवे की ट्रेन है। पर इस ट्रेन का रैक धनबाद रेल मंडल का है। मंगलवार को रांची दुमका इंटरसिटी का रैक धनबाद आ गया था। उसे मेंटेनेंस के बाद यहां से भेज दिया गया। तीन मार्च को दुमका से इसीका उद्घाटन सांसद सुनील सोरेन करेंगे। सांसद ने ट्विटर पर ट्रेन के उद्घाटन की जानकारी शेयर की है।
कल दुमका-रांची एक्सप्रेस का शुभारंभ किया जाएगा। मेरी बातों को संज्ञान में लेने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी रेल मंत्री आदरणीय @AshwiniVaishnaw जी को बहुत बहुत धन्यवाद आभार।
आप सभी सादर आमंत्रित है।#दुमका_लोकसभा pic.twitter.com/DgqBrAVEOq— Sunil Soren (@sunilsoren_mp) March 1, 2022
यह होगा टाइम टेबल
– 13319 दुमका रांची इंटरसिटी दुमका से भोर 3:30 पर खुलेगी। बासुकीनाथ, घोरमारा, देवघर, जसीडीह, मधुपुर , चितरंजन धनबाद और गोमो होकर रांची जाएगी। रांची पहुंचने का समय दोपहर 12:50 है।
– 13320 रांची दुमका इंटरसिटी रांची से दोपहर 1:25 पर खुलेगी। बोकारो, गोमो व धनबाद होकर रात 11:10 पर दुमका पहुंचाएगी।
एक महीने चलकर बंद हो गई थी ट्रेन
22 मार्च 2020 को कोरोना काल के दौरान रांची से देवघर के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस बंद हो गई थी। बाद में जुलाई 2021 में इस ट्रेन को स्पेशल के तौर पर एक महीने चलाया गया। स्पेशल ट्रेन का किराया शताब्दी एक्सप्रेस से भी अधिक तय कर दिया गया था। इस वजह से यात्री नहीं मिले और यात्रियों की संख्या कम होने का हवाला देकर रेलवे ने इस ट्रेन को बंद कर दिया। बाद में देवघर तक चलने वाली ट्रेन को दुमका तक विस्तार देने पर रेलवे बोर्ड में मंजूरी दे दी। तकरीबन 2 महीने पहले ही रांची से दुमका के बीच चलने वाली ट्रेन का दोनों ओर से टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया था। अब तीन मार्च को दुमका से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।