झारखंड की हेमंत सरकार ने धनबाद के एसएसपी, पलामू के एसपी सहित राज्य के आठ आइपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इससे संबंधित अधिसूचना सोमवार की शाम जारी कर दी गई है। पलामू के एसपी संजीव कुमार धनबाद के नए एसएसपी बनाए गए हैं। एसीबी के एसपी चंदन कुमार सिन्हा को पलामू एसपी बनाया गया है। संजय आनंद लाटकर एडीजी अभियान बनाए गए हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से हाल ही में वापस हुए पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे 1995 बैच के झारखंड कैडर के आइपीएस अधिकारी संजय आनंद लाठकर को एडीजी अभियान बनाया गया है। धनबाद में एसएसपी के पद पर तैनात असीम विक्रांत मिंज को कोल्हान क्षेत्र चाईबासा का डीआइजी बनाया गया है। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन विभाग के डीआइजी नरेंद्र कुमार सिंह को स्थानांतरित करते हुए हजारीबाग का डीआइजी बनाया गया है।
कोल्हान के डीआइजी राजीव रंजन सिंह को डीआइजी जैप के पद पर पदस्थापित किया गया है। डीआइजी रेल शैलेंद्र कुमार सिन्हा को एसीबी का डीआइजी बनाया गया है। डीआइजी बजट पटेल मयूर कन्हैयालाल को डीआइजी बोकारो के पद पर पदस्थापित किया गया है। पलामू के एसपी संजीव कुमार को एसएसपी धनबाद और एसीबी के एसपी चंदन कुमार सिन्हा को एसपी पलामू के पद पर पदस्थापित किया गया है।