पटना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 23336 हो गई है। इनमें एक्टिव संक्रमितों की संख्या 1968 है। जबकि 21274 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में पहली बार रिकवरी दर 90 फीसदी से बढ़कर 91 फीसदी तक पहुंची है।
सिविल सर्जन डॉक्टर आरपी चौधरी ने बताया कि जांच की संख्या बढ़ने से कोरोना संक्रमण में कमी आई है और रिकवरी प्रतिशत ज्यादा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को एंटीजन किट से 4075 और आरटीपीसीआर 268 तथा ट्रूनेट से 69 लोगों की कोरोना की जांच की गई। एंट्री हुई जांच में मात्र 58 लोग पॉजिटिव पाए गए। यह दर दो प्रतिशत से से भी कम है।
पीएमसीएच में 23 संक्रमित मिले
पीएमसीएच में शुक्रवार को 23 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसमें 10 शेखपुरा, एक सुपौल और 8 पीएमसीएच के भर्ती मरीज हैं। बाकी चार में दो जहानाबाद और दो तेजपुर के रहने वाले हैं। प्राचार्य डॉ बी पी चौधरी ने बताया कि पीएमसीएच के कोविड वार्ड में कुल 48 मरीज भर्ती हैं। शुक्रवार को पटना के रामकृष्णा नगर निवासी शांति देवी की मौत कोरोना से हो गई।
एम्स से नौ स्वस्थ होकर लौटे
एम्स पटना में शुक्रवार को 16 नए मरीज भर्ती हुए जबकि 9 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। तीन मरीजों की मौत कोरोना से हो गई। इ: समें दानापुर की सलमा खातून के अलावा एक मधुबनी की महिला और अररिया के 90 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। एम्स में कोरोना के नोडल पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार ने बताया कि एम्स में भर्ती कुल मरीजों की संख्या अभी 145 है। इनमें 63 आईसीयू में और 33 गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर हैं जबकि 12 लोग हाई फ्लो ऑक्सीजन पर रखे गए हैं। शुक्रवार को 824 लोगों की जांच आरटीपीसीआर से हुई। इसमें 47 पॉजिटिव पाए गए।