दक्षिणी – पश्चिमी बिहार के कुछ जिलों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। इस महीने के पहले सप्ताह में ऐसा लग रहा था जैसे प्रदेश से मानसून पूरी तरह वापस चला गया। उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। इस महीने के दूसरे सप्ताह में कई स्थानों पर हुई हल्की मध्यम दर्जे की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। कल राजधानी पटना में भी रात के समय हल्की बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग ने आज के कुछ जिलों में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, गया, गोपालगंज, सारण, सिवान, नवादा, नालंदा शेखपुरा, और पटना जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसको लेकर के मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ मेघ गर्जना की भी संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून की ट्रफ लाइन राजस्थान, गुजरात से होकर मध्यप्रदेश के शाजापुर सिवनी, पंडारा रोड होते हुवे उड़ीसा के संबलपुर से गुजर रही है। बता दें कि कल प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सिसवन (सिवान) में दर्ज की गई। यहां पर लगभग 42 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बिहटा पटना में 34 एमएम, समस्तीपुर में 22 मिलीमीटर और दाउदनगर (औरंगाबाद) में 22 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में कल अधिकतम तापमान माधोपुर( पश्चिमी चंपारण) में 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड की गई। वहीं न्यूनतम तापमान डेहरी (रोहतास) में 22.5 डिग्री दर्ज की गई।