होमझारखंडअगले तीन दिनों तक झारखण्ड में बारिश व वज्रपात का अलर्ट, जानें...

अगले तीन दिनों तक झारखण्ड में बारिश व वज्रपात का अलर्ट, जानें मौसम का हाल

सोमवार को राजधानी रांची का मौसम सुहावना बना हुआ है। आसमान में सामान्य रूप से हल्के बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही है। इसके साथ ही 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। हवा में आर्द्रता का स्तर 93 प्रतिशत तक है। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि सोमवार को झारखंड में माॅनसून की स्थिति कमजोर रहेगी। माॅनसून की ऐसी स्थिति राज्य में अगले तीन दिनों तक बने रहने की संभावना है।

विभाग के अनुसार आज ज्यादातर जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और मेघ गर्जन की भी संभावना है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र बन रहा है। इसका असर झारखंड सहित पश्चिम बंगाल और ओडिशा पर देखने के लिए मिल रहा है। इसके आने वाले दिनों में और गहरा होने की संभावना है।

वहीं ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा के पास एक दूसरा कम दबाव का क्षेत्र भी बन रहा है। इसके चक्रवातीय क्षेत्र में बदलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राजधानी रांची में भी माॅनसून का खास असर नहीं दिखेगा। हालांकि शाम तक रांची में हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में माॅनसून की स्थिति कमजोर रही।

हालांकि एक से दो स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश रिकाॅर्ड की गई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश जमशेदपुर में 52 मिमी रिकाॅर्ड की गई है। वहीं रांची में 5 मिमी बारिश रिकाॅर्ड की गई। इस दौरान राजधानी रांची में आर्द्रता का स्तर 90 से 97 प्रतिशत के बीच रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दुमका में रिकाॅर्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकाॅर्ड किया गया।

Most Popular